Friday, June 2, 2023

लघुकथा - धर्म

 लघुकथा -  धर्म


हंटर वाली लेडी ने ऊँची आवाज़ में नौकरी के लिए आये जवान लड़के से पूछा - " तुम्हारी ज़ात क्या है ? " 

- " जी , गोवर्धन गोत्र के  ब्राह्मण है , हमारे पूर्वज ....."

- " ठीक है , ठीक है....हो तो  हिन्दू ना, हमे मुसलमानों से सख़्त नफ़रत है।  "

- " जी , मेमसाहब , सौ बटा सौ हिन्दू है। " 

- " काम समझ गए ना ठीक से "

- " जी , मेमसाहब   कुत्तों की देखभाल  करनी है और  उन्हें खाना खिलाना है  , 

- " सबसे ज़रूरी हैं उन्हें हगाने के लिए पड़ोस के मैदान में घुमाना।  , और कोई सवाल ?"

- " जी मेमसाहब , हम जानना चाह रहे थे कि कुत्ते हिन्दू हैं कि मुसलमान ? "

ग़फ़लत में मेमसाहब का मुँह तो खुला लेकिन अलफ़ाज़ उसके गले में ही अटक गए। 



No comments:

Post a Comment