ग़म में डूबा साज़ भी कोई यहां गाता नहीं
आँख में ठहरा हुआ आंसू कही जाता नहीं
दिल मिरा वीरान फिर आबाद हो सकता है पर
दिलजला कोई सनम रहने यहां आता नहीं
इस मन के सूने आँगन में
कब आओगे प्राण प्रिय
रीत गयी चंदा की किरणें , बुझने लगे सितारे भी
दरिया की लहरों से अब , मिलते नहीं किनारे भी
पतझड़ भी अब रूठ गया , रूठी यहाँ बहारें भी
बंजर मन में ख़ुश्बू बन , कब छाओगे प्राण प्रिय
दिल की उजड़ी नगरी से रूठी अब तन्हाई भी
ग़म में डूबे नग़मों की रीति अब शहनाई भी
राख़ हुआ चन्दन मन ,धुआँ बनी परछाई भी
इन दर्दीले गीतों को , कब गाओगे प्राण प्रिय
शाम ढली डूबा सूरज , नागिन सी डसती रतियाँ
पनघट भी अब छूट गया , छूट गयी सगरी सखियाँ
गिनते गिनते युग बीते , बीत गयी कितनी सदियाँ
किरनों का सतरंगी रथ , कब लाओगे प्राण प्रिय
कवि - इन्दुकांत आंगिरस
No comments:
Post a Comment